तुलसीपुर (श्रावस्ती)। प्राथमिक विद्यालय इटरौली से छुट्टी के बाद घर के लिए निकला कक्षा चार का छात्र सोमवार दोपहर रोटावेटर की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया।
सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम इटरौली निवासी पेशे से किसान धर्मेन्द्र विश्वकर्मा का पुत्र अरविन्द (9) प्राथमिक विद्यालय इटरौली में कक्षा चार में पढ़ता था। सोमवार दोपहर दो बजे विद्यालय में छुट्टी होने के बाद अरविंद विद्यालय से घर जाने के लिए बाहर निकला था। तभी अचानक रोटावेटर लगे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से अरविंद के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर ही ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने सोनवा पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सोनवा सुरेंद्र कुमार शर्मा ने मृतक छात्र के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर शव का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। वहीं ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर उसे थाने ले जाया गया है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय का गेट रोड की तरफ से हटवाकर दूसरी तरफ लगाने की मांग करने को लेकर हंगामा भी किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी जमुनहा सौरभ शुक्ला व बीएसए अमिता सिंह ने गांव के लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।