श्रावस्ती। ग्राम पंचायत में कार्यालय में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की खरीद में व्यापक स्तर पर अनियमितता उजागर हुई है। इसकी जानकारी के बाद मंगलवार को डीपीआरओ की तरफ से सिरसिया के मोतीपुर कला व कटकुईंया कला के तत्कालीन ग्राम सचिव के खिलाफ सिरसिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी आनंद प्रकाश ने बताया कि शासन के निर्देश पर ग्राम सचिवालय की स्थापना कर उसका संचालन कराया जाना था। इसके लिए ग्राम पंचायतों में 1.75 लाख खर्च कर कुर्सी, कंप्यूटर मेज, स्टील अलमीरा, सोलर पैनल, बैटरी, इंवर्टर, दरी, पंखा, डेस्कटॉप कंप्यूटर, यूपीएस, मल्टीपरपज प्रिंटर एवं वेबकैम तथा सीसीटीवी कैमरा लगाया जाना था। मंगलवार को ग्राम मोतीपुर कला व कटकुईंया कला का निरीक्षण करने पर वर्तमान में तैनात सचिव, ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक मौजूद मिले।
ई-ग्राम स्वराज पोर्टल से प्राप्त रिर्पोट के अनुसार दोनों ग्राम पंचायतों में 1.75 लाख की धनराशि खर्च करने के बाद भी ग्राम सचिवालय में कोई सामग्री उपलब्ध नहीं मिली। इस दौरान कटकुईंया कला में मात्र प्लास्टिक की 25 कुर्सी, 3 कंप्यूटर मेज एवं 02 अलमीरा ही मौजूद मिली। प्रधान व पंचायत सहायक ने बताया कि उनके कार्यकाल से पहले ही बिना सामान खरीदे ही पैसे का भुगतान किया गया है। वहीं मोतीपुर कला में कम्प्यूटर सेट, इन्वर्टर सेट, कम्प्यूटर मेज व 13 प्लास्टिक कुर्सी ही मिली।
ग्राम प्रधान एवं पंचायत सहायक ने बताया कि तत्कालीन सचिव ओंकार नाथ ने सारा सामान उठवा लिया था। उन्हीं के पास दोनों ग्राम पंचायतों का प्रभार था। इस पर तत्कालीन सचिव ग्राम सचिव को दोषी मानते हुए उसके विरुद्ध सिरसिया थाने में मामला दर्ज कराया गया है। डीपीआरओ ने बताया कि अन्य ग्राम पंचायतों में भी इसी तरह खरीदी गयी सामग्री की औचक जांच होगी। यदि अनियमितता मिली तो संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई तय होगी।