श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई जिला स्तरीय उद्योग बंधु व औद्योगिक व्यापारिक सुरक्षा फोरम की बैठक में 18 व्यापारियों के ऋण आवेदनों को चर्चा बाद मंजूरी मिली। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम नेहा प्रकाश ने विभिन्न उद्योग इकाईयों की स्थापना के लिए व्यापारियों की ऋण पत्रावलियों को स्वीकृति प्रदान की। इस दौरान डीएम ने व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी किया।
जिला स्तरीय उद्योग बंधु व औद्योगिक व्यापारिक सुरक्षा फोरम की बैठक में डीएम ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में आठ, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत सात तथा ओडीओपी के तहत तीन आवेदन पत्रों पर ऋण स्वीकृति प्रदान कर उनका अनुमोदन किया। साथ ही बैठक में मौजूद उपायुक्त उद्योग व अग्रणी जिला प्रबंधक इंडियन बैक भिनगा को निर्देशित किया कि सभी अनुमोदित आवेदकों को यथाशीघ्र ऋण वितरण कराया जाए।
बैठक में व्यापारियों ने भिनगा से लखनऊ आने-जाने के लिए तीन रोडवेज बसों के नियमित संचालन की मांग की। बैठक में सीडीओ अनुभव सिंह, एडीएम कमलेश चंद्र, उपायुक्त उद्योग जेएन यादव, सहायक आयुक्त उद्योग अरविंद कुमार भास्कर एवं अग्रणी जिला प्रबंधक जेएन श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।