जमुनहा (श्रावस्ती)। बहराइच से अपने घर कथरामाफी लौटे युवक की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे रिश्तेदारों ने इसकी जानकारी मल्हीपुर पुलिस को दी। पंचनामा बाद लाश का पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कथरामाफी निवासी राम शरण गुप्ता (35) की आर्थिक स्थिति काफी बदहाल थी। वह बहराइच में रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। बीते सोमवार को वह बहराइच से लौटकर घर आया था। पत्नी के घर पर न होने के कारण रात में वह घर में अकेला सोया था। इस दौरान ही रात में किसी समय रिक्शा चालक की मौत हो गयी। सुबह जानकारी होने पर आस पास के ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस व मृतक के रिश्तेदारों को दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह ने लाश का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भिजवा दिया है। आगे की कार्रवाई अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी।