गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला के ग्राम पंचायत रायपुर बिलेला में रिक्त ग्राम प्रधान पद के उपचुनाव में सोमवार को हुए मतदान में 71 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर वोट डाले। अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र होने के कारण मतदान के दौरान एसडीएम इकौना स्वयं पुलिस फोर्स के साथ पूरे समय मौजूद रहे। यहां प्रधान पद के लिए दो प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है।
ग्राम पंचायत रायपुर विलेला में ग्राम प्रधान रही माधुरी सिंह की विगत माह बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। तब से यहां ग्राम प्रधान का पद रिक्त था। सोमवार को हुए उपचुनाव के मतदान के दौरान 71 फीसदी मतदान हुआ। सामान्य वर्ग महिला के लिए आरक्षित प्रधान पद पर सीधे मुकाबले में कलावती पत्नी जितेंद्र बहादुर सिंह व रंजना सिंह पत्नी बलवंत सिंह ने चुनाव मैदान में हैं। सोमवार को हुए मतदान के दौरान कुल 1847 में से 1320 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतों की गणना का कार्य मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच होगा।