श्रावस्ती। जिले में वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार को आई नमूना जांच रिपोर्ट में 15 और नए कोरोना संक्रमित मिले। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या का आंकड़ा बढ़कर 4109 पहुंच गया है। इनमें से 537 एक्टिव मामले हैं। दूसरी तरफ एक दिन में ही 125 लोग संक्रमण मुक्त हो कर स्वस्थ्य भी हुए हैं।
सोमवार को आई नमूना जांच रिपोर्ट में लेंगड़ी गूलर गिलौला में एक, पचदेवरी निवासी तीन, प्रहलादा गिलौला निवासी एक, गिलौला निवासी एक, सीडीएच भिनगा में एक, सीडीएच गौसपुर मसहाकला में एक, पुलिस लाइन में एक, गुलरा भंगहा में एक, सदहइया में एक, चैलाही में एक, महमूदपुरवा इकौना में एक सहित कुल 15 की कोरोना रिपोर्ट पॉजटिव मिली। वहीं 125 लोग कोरोना से स्वस्थ भी हुए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एपी भार्गव ने बताया कि जिले में अब तक कुल 330752 लोगों की जांच की गई है। इनमें से 329312 की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। जिनमें 4109 लोग कोरोना संक्रमित मिले। इनमें से 32 लोगों की मौत हो चुकी है। मौजूदा समय जिले में कुल 118 कंटेंमेंट जोन एक्टिव हैं। इनमें इकौना में 19, गिलौला में 15, भंगहा में 21, जमुनहा में 23, सिरसिया में 24 व भिनगा में 16 कंटेनमेंट जोन शामिल हैं।
बीते दिनों भिनगा के शर्मा गली में कोरोना संक्रमितों की संख्या काफी अधिक मिली थी। इसके चलते प्रशासन द्वारा कोविड प्रोटोकाल के तहत रोकथाम के लिए शर्मा गली को बांस बल्ली लगा कर बंद कराया गया था। निगरानी में शिथिलता से बीते रविवार को रात में अज्ञात लोगों ने बांस बल्ली को तोड़कर गली को अवरोध मुक्त कर दिया। इसकी जानकारी के बाद प्रशासन द्वारा उसे पुन: दुरुस्त कराया पुलिस फोर्स की तैनाती की गयी है।