इकौना (श्रावस्ती)। कोरोना कर्फ्यू के दौरान एक महिला को पीटे जाने का वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को इकौना कोतवाली प्रभारी व दो पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया। यह आदेश देर शाम को एसपी ने जारी किया है। उधर, एक वीडियो सब्जी विक्रेता का नाबालिग बेटी के साथ भी वायरल हुआ। इसमें वह अपना सूजा हुआ हाथ दिखाते हुए कह रहा है कि उसे पुलिस ने उसका हाथ तोड़ दिया और उसकी मासूम बेटी को भी पीआ।
इकौना नगर में कुछ महिलाएं सामान लेने बाजार आई थीं। इसी बीच इकौना कोतवाली प्रभारी ज्ञानेंद्र पांडे कांस्टेबल कमलेश गिरी व महिला कांस्टेबल शिवा पहुंच गए। इस दौरान प्रभारी सड़क के किनारे ठेलों पर सब्जियां व फल लगाकर बेच रहे लोगों पर अपना गुस्सा उतारते हुए सड़क पर मास्क लगाए जा रही महिलाओं व ठेले वालों को पीटने लगे। इतने पर भी जब कोतवाल का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उन्होंने फल व सब्जी के ठेले पर रखी सब्जी व फल बिखेर दिए। इस दौरान महिलाओं की कोतवाली प्रभारी द्वारा पिटाई सहित अन्य करतूत का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया गया। मामला जब एसपी अरविंद कुमार मौर्य के संज्ञान में आया तो उन्होंने प्रभारी निरीक्षक सहित दोनों कांस्टेबल को निलंबित कर दिया। मामले में एसपी का कहना है कि जांच सीओ इकौना को सौंपी गई है।