श्रावस्ती। तराई में वैश्विक महामारी कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद जिले में पुलिस प्रशासन लॉकडाउन का अनुपालन पूरी सख्ती से नहीं करा पा रहा। सहालग के साथ ईद की तैयारियों के चलते वीकेंड लॉकडाउन में भी बाजार गुलजार हैं। दुकानदार आधा शटर खोल कर दुकानदारी कर रहे हैं। इस दौरान न तो मास्क पहना जा रहा है और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का ही पालन हो रहा है। कार्रवाई न होने से सड़कों पर भी सवारी ढोते वाहन फर्राटा भर रहे हैं।
मुख्यालय भिनगा व इकौना नगर सहित जिले के अन्य प्रमुख कस्बों व बाजारों में दुकानदार चोरी छिपे व्यापार करते नजर आ रहे हैं। वहीं बाजारों में ग्राहकों की भीड़ भी देखने को मिल रही है। इतना ही छोटे वाहन चालक क्षमता से अधिक सवारियों को बैठाकर सामान्य दिनों की भांति फर्राटे भरते देखे जा रहे हैं। इतना ही नहीं गांव की गलियों सहित नगर के मुख्य मार्ग पर भी अनावश्यक रूप से लोगों को टहलते देखा जा रहा है। कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से भी चौराहों व तिराहों सहित गांवों में नोडल अधिकारियों को भेज कर लोगों से कोरोना प्रोटोकाल के अनुपालन की अपील कराई जा रही है।
साथ ही लोगों को अनिवार्य रूप से मास्क लगाने व सामाजिक दूरी का अनुपालन करने की अपील भी की जा रही है। फिर भी लोग कोविड प्रोटोकाल को मानने को तैयार नहीं है। वही दुकानदार भी बगैर ग्लब्स व सेनेटाइजर चोरी छिपे दुकानदारी कर रहे हैं। हालाकि अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे बताते हैं कि कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से अनुपालन कराया जा रहा है। नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है।