सिरसिया (श्रावस्ती)। मौसम का पारा चढने के साथ ही जंगली जानवर भी जंगलों से निकल कर आबादी क्षेत्र में घुसपैठ करने लगे हैं। मंगलवार भोर सोहेलवा जंगल से निकल कर महासेमरा गांव पहुंचे तेंदुए ने छह लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के दौरान सभी ग्रामीण नित्य क्रिया के लिए गांव से बाहर गए थे। ग्रामीणों के हाका लगाने के बाद तेंदुआ एक पेड़ पर चढ़ गया। जिसे मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम ने पिंजड़े में कैद किया।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम महासेमरा गांव के उत्तरी इलाके की झाड़ियों में मंगलवार भोर एक तेंदुआ छिप कर बैठा था। सुबह करीब पांच बजे नित्य क्रिया के लिए गए ग्रामीण तिलकराम (35) पुत्र रक्षाराम पर उसने हमला बोल दिया। उसकी चीख सुन कर बचाने दौड़े शरीफ (30) पुत्र हौसिल, तुलसीराम (30) पुत्र सूबे, गुल्ले (60) पुत्र घिराऊ, दद्दन (25) पुत्र बदलू व सुघरा (30), रामनाथ, ओमप्रताप व चंद्रावती पर भी तेंदुए ने हमला बोल दिया। जिसमें सभी घायल हो गए। घायलों की चीख पुकार सुन हाका लगाते दौड़े ग्रामीणों को देख तेंदुआ पास में लगे नीम के पेड़ पर चढ़ गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे सिरसिया थाना प्रभारी रामसमुझ प्रभाकर, भिनगा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी राकेश तिवारी व ककरदरी के वन क्षेत्राधिकारी भास्कर पांडे ने मौके पहुंच कर कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को पिंजड़े में कैद किया। साथ ही सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया पहुंचाया।