नदी में डूबा किशोर व किनारे लगी ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : amar ujala
श्रावस्ती जिले के भिनगा क्षेत्र के ग्राम सिहनिया निवासी चार किशोर शुक्रवार को गांव के ही निकट बह रही राप्ती नदी में नहाते समय डूबने लगे। ग्रामीण ने किशोरों को डूबते देखा तो बचाने के लिए नदी में कूद गया। उसने तीन किशोरों को तो बचा लिया, लेकिन शिवा मिश्रा (17) की डूबने से मौत हो गई।
मृतक शिवा मिश्रा के चाचा विनोद कुमार ने बताया कि उनका भतीजा अपने तीन साथियों अनुज (14), रूपनरायण (16) व नवीन (15) के साथ ग्राम रामगढ़ी के मजरा चेतियापुरवा के निकट बह रही राप्ती नदी में नहाने गया था।
नदी में नहाते समय चारों किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। तभी रामगढ़ी गांव निवासी निजामुद्दीन ने बच्चों को डूबते देख नदी में छलांग लगा दी और अनुज, रूपनरायण तथा नवीन को बाहर निकाल लिया लेकिन शिवा के अधिक गहरे पानी में चले जाने से वह नहीं बचा सके। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखारों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। कोतवाल राजप्रकाश सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।