श्रावस्ती। श्रावस्ती एयरपोर्ट से इसी माह छोटे हवाई जहाज उ़ड़ान भरने लगेंगे। डीजीसीए ने शुक्रवार को एयरपोर्ट को लाइसेंस जारी कर दिया गया है। हवाई सेवा का शुभारंभ प्रधानमंत्री के हाथों होने की संभावना जताई जा रही है। पहले चरण में यहां से 19 सीटर (डोर्नियर 228) विमान उड़ान भरेंगे। श्रावस्ती से पांच शहरों के लिए हवाई सेवाएं प्रारंभ होगी।
श्रावस्ती में एयरपोर्ट बनाने की कवायद वर्ष 1995 में शुरू हुई थी। 22 मई 1997 को हवाई पट्टी का निर्माण शुरू हुआ। इसके बाद वर्ष 2018 में रीजनल कनेक्टिविटी योजना के तहत हवाई पट्टी को एयरपोर्ट के रूप में बदला गया लेकिन डीजीसीए से लाइसेंस नहीं मिल सका। इतने लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को श्रावस्ती एयरपोर्ट को डीजीसीए ने लाइसेंस जारी कर दिया है। इसके बाद एयरपोर्ट के शुभारंभ का इंतजार है।
पहले चरण में श्रावस्ती एयरपोर्ट से 19 सीटर विमान उड़ान भरेंगे। ये विमान सेवा लखनऊ, नई दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज व कानपुर के लिए शुरू करने की तैयारी है। उड़ान शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। दूसरे चरण में एयरपोर्ट का विस्तार करने की तैयारी है। सीडीओ अनुभव सिंह का कहना है कि श्रावस्ती एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू होने से बलरामपुर, बहराइच, गोंडा के साथ अवध क्षेत्र के अन्य जनपदों के लोगों को फायदा होगा।