यूपी एसटीएफ ने जाली भारतीय मुद्रा छापने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी 5 नवंबर 2026 की रात करीब 8:45 बजे थाना सोनवा क्षेत्र के गिर्राज राइस मिल, भिटिया चौराहा, बहराइच-मल्हीपुर रोड से की गई। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में जाली नोट और छपाई के उपकरण बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरिजा शंकर जायसवाल निवासी शिवनगर, गोंडा रोड, थाना कोतवाली देहात, बहराइच, नरेंद्र कुमार चौरसिया निवासी ग्राम लालबोझ, थाना नवीन मॉडर्न, श्रावस्ती और बृजेंद्र गोस्वामी निवासी ग्राम भगवानपुर बुडवट, थाना इकौना, श्रावस्ती के रूप में हुई है।
एसटीएफ के अनुसार, आरोपियों के पास से 1,74,000 रुपये के जाली नोट बरामद किए गए, जिनमें 500 रुपये के 223 नोट, 200 रुपये के 44 नोट और 100 रुपये के 537 नोट शामिल हैं। इसके अलावा एक कैनन कलर प्रिंटर, 4 प्रिंटर इंक रिफिल, 2 खाली रिफिल, 3 बंडल ए-4 साइज पेपर, 3 आधार कार्ड, 3 पैन कार्ड, 3 ड्राइविंग लाइसेंस, 500, 200 और 100 रुपये की 3 डाई, 5,500 रुपये नगद और 4 मोबाइल फोन भी मिले हैं।
पूछताछ में बृजेंद्र ने बताया कि वह पहले मुंबई में रहता था, जहां उसने नकली नोट छापने का काम सीखा था। श्रावस्ती आकर उसने गिरिजा शंकर और नरेंद्र के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा कि नकली नोट छापकर बाजार में सप्लाई करने से काफी मुनाफा होगा। दिवाली पर जुआ खेलने वालों में कैश की मांग रहती है, इसलिए वे नकली नोट बाजार में खपाने वाले थे।इस मामले में थाना सोनवा में मुकदमा अपराध संख्या 196/2026, धारा 3(5)/318(2)/180/181/182 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।