श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार देर शाम अपर सचिव (समग्र शिक्षा), स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग व केंद्रीय प्रभारी अधिकारी नीति आयोग धीरज साहू की अध्यक्षता में आकांक्षात्मक जिला व ब्लाॅक कार्यक्रम की समीक्षा बैठक हुई। नीति आयोग की ओर से स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। अपर सचिव ने विगत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी जानकारी ली।
अपर सचिव ने कहा कि संपूर्ण विकास में शिक्षा और स्वास्थ्य की बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए इन दोनों बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। संबंधित अधिकारी शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं में विशेष रुचि लेकर लोगों को इसका लाभ प्रदान करें।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि जिले की हर गर्भवती महिला का शत-प्रतिशत टीकाकरण, उनके स्वास्थ्य की देखभाल व नवजात से लेकर पांच वर्ष तक के बच्चों का समय से टीकाकरण कराया जाए। गर्भवती व शिशु के टीकाकरण का लेखाजोखा ढंग से रखा जाए, जिससे कोई भी टीकाकरण से वंचित न रहे।
पुष्टाहार विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने पोषाहार वितरण व आपूर्ति की समीक्षा की। उन्होंने कृषि विभाग के विभिन्न इंडीकेटर्स, आकांक्षी ब्लाॅक व जिला रूपांतरण कार्यक्रम के इंडिकेटर्स तथा नीति आयोग की ओर से स्वीकृत निर्माण कार्याें की गहन समीक्षा की।
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि स्वास्थ्य और शिक्षा के स्तर में सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। पिछड़े क्षेत्रों में स्वास्थ्य व पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास आदि क्षेत्रों में 49 मुख्य संकेतांकों के सुधार का विशेष प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से चने की दाल, रिफाइंड तेल, दलिया व चावल दिया जा रहा है। चिह्नित स्थलों पर आशा व एएनएम की तैनाती की गई है, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आई है।
उन्होंने बताया कि सभी वीएचएनडी सत्रों में गर्भवती महिलाओं को आयरन, कैल्शियम व फोलिक एसिड देने के लिए निर्देश दिया गया है। इस मौके पर सीडीओ शाहिद अहमद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार यादव, उप निदेशक कृषि राम आसरे यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी व बीएसए आकांक्षा रावत सहित अन्य मौजूद रहे।