शॉपिंग माल के बेसमेंट में खुलीं दुकानें। - संवाद
श्रावस्ती। भिनगा के मुख्य बाजार में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों द्वारा पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई है। बेसमेंट तक में दुकानें बना दी गई हैं और भारी भरकम किराया वसूला जा रहा है। पार्किंग की जगह दुकानें बनने से जहां संचालकों को हर महीने लाखों रुपये का किराया मिल रहा है, तो आम लोगों के लिए ये मुसीबत का सबब बन गया है। पार्किंग के अभाव में प्रतिष्ठानों पर आने वाले ग्राहक अपने वाहन सड़क की पटरियों पर खड़ा करने के लिए विवश रहते हैं। इसके चलते दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
भिनगा के मुख्य बाजार में कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों ने अपने निर्माण के नक्शे में पार्किंग की जगह का प्रावधान दिखाया था। हालांकि, धरातल पर इन जगहों पर दुकानें बना दी गईं, जिनका किराया प्रतिमाह लाखों रुपये में वसूला जा रहा है। यह स्थिति नियमों के उल्लंघन और धोखाधड़ी की ओर इशारा करती है।
स्थानीय प्रशासन की इस मामले में अनदेखी पर भी सवाल उठ रहे हैं। नियमों का उल्लंघन कर पार्किंग स्थलों पर अतिक्रमण कर दुकानें चलाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने से ऐसे कृत्यों को बढ़ावा मिल रहा है। लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए इस पर तत्काल ध्यान देने व आवश्यक कार्रवाई की आवश्यकता है।
इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर पार्किंग स्थलों को खाली कराना चाहिए। साथ ही भविष्य में ऐसे निर्माणों को रोकने के लिए सख्त नियम भी बनाए जाने चाहिए और उनकी निगरानी भी की जानी चाहिए। पार्किंग स्थलों का उचित प्रबंधन भिनगा बाजार में सुचारू यातायात और व्यापारियों के लिए बेहतर व्यावसायिक माहौल सुनिश्चित कर सकता है।
प्रतिष्ठानों के नक्शों की जांच करवाई जाएगी। नक्शे में पार्किंग स्थल कहां दर्शाया गया है और उसकी यथा स्थिति क्या है, जांचने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
-अनीता शुक्ला, ईओ, नगर पालिका, भिनगा