श्रावस्ती। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए हुई बीएलओ की तैनाती में फेरबदल किया गया है। भिनगा तहसील क्षेत्र में विभिन्न समस्याओं ग्रसित सात बीएलओ से उनकी जिम्मेदारी हटाकर नए लोगों को बीएलओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि बीएलओ ड्यूटी लगाने में हुईं खामियों को उजागर करते हुए अमर उजाला में छह सितंबर के अंक में शीर्षक- चार शिक्षकों के होते हुए भी प्रसूता की लगा दी बीएलओ ड्यूटी... से प्रमुखता से खबर का प्रकाशन किया गया था। खबर का संज्ञान लेकर एसडीएम भिनगा ने तैनाती में फेरबदल किया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए सिरसिया के एकल शिक्षक वाले प्राथमिक विद्यालय वीरपुर बगही के शिक्षक कर्मवीर राणा को बीएलओ बना दिया गया था, इससे 163 बच्चों की पढ़ाई पर संकट के बादल मंडराने लगे थे। तहसील प्रशासन ने अब यह जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरिता श्रीवास्तव को सौंप दी है।
इसी तरह प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर की शिक्षिका विजय लक्ष्मी के स्थान पर शिक्षामित्र इंद्र बहादुर को, प्राथमिक विद्यालय रोशनपुरवा के अभिषेक गुप्ता के स्थान पर शिक्षामित्र पूनम श्रीवास्तव को, प्राथमिक विद्यालय भरथाकलां की कुसुमलता सिंह के स्थान पर शिक्षक सुनील कुमार को बीएलओ बनाया गया है।
प्राथमिक विद्यालय लबेदपुर की शिक्षिका प्रतिमा मिश्रा के स्थान पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रीना देवी को और उच्च प्राथमिक विद्यालय तेंदुआरतनपुर के शिक्षक हरिशंकर प्रजापति के स्थान पर शिक्षक बनवारी लाल को बीएलओ बनाया गया है।