श्रावस्ती। भिनगा क्षेत्र में विद्यालय और दुकान में चोरी के आरोप में पुलिस ने रविवार को सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी का सामान, बाइक, सोलर इन्वर्टर, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई है। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
सीओ भिनगा आलोक सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात उच्च प्राथमिक विद्यालय भलुहिया से सामान चोरी हुआ था। प्रधानाध्यापक राम छबीले की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर कोतवाल राज प्रकाश सिंह जांच कर रहे थे। इसी रात खरगौरा मोड़ निवासी चंद्र प्रताप की दुकान से भी नकदी और सामान चोरी हुआ था। रविवार भोर में जनता इंटर कॉलेज के पास निर्माणाधीन मकान में आरोपियों के मौजूद होने की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान दीपक सोनी, श्याम जी सोनी, सचिन सोनी, तालीम, ज्ञानेंद्र पाठक, अरुण कुमार वर्मा और राम तेजपाल के रूप में हुई है।
सीओ ने बताया कि चोरों के पास से छह नए करवा लोटे, एक बंधना लोटा और पीतल व कांसे के एक-एक पतीले मिले हैं। साथ ही दो पैन कार्ड, एक आधार कार्ड, एक डेबिट कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड, एक बैंक पासबुक, एक बैंक चेकबुक, एक मोटरसाइकिल, पांच किलोवाट का एक सोलर इन्वर्टर, चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से संबंधित 5,500 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन व 950 रुपये नकद बरामद हुए हैं।