श्रावस्ती। बैंक शाखाओं की सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस ने मंगलवार को विशेष जांच अभियान चलाया। एसपी के निर्देश पर पुलिस कर्मियों ने थाना क्षेत्र में पड़ने वाले बैंक शाखाओं व ग्राहक सेवा केंद्रों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया।
पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह के निर्देश पर मंगलवार को सभी थाना व चौकी प्रभारियों ने बैंक शाखाओं की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे के नेतृत्व में सोनवा पुलिस ने क्षेत्र की बैंक शाखाओं में सुरक्षा व्यवस्था जांची। इस दौरान उन्होंने लक्ष्मननगर सहित क्षेत्र के विभिन्न बैंक शाखाओं में जाकर जायजा लिया।
वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर हौसला प्रसाद ने सिरसिया थाना क्षेत्र में पड़ने वाली विभिन्न बैंक शाखाओं व ग्राहक सेवा केंद्रों के आसपास, बाहर सघन जांच कर बैंक में लगे सीसीटीवी, सायरन व संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की जांच की गई। क्षेत्राधिकारी इकौना तारकेश्वर पांडे के नेतृत्व में गिलौला पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी, सायरन व संदिग्ध व्यक्तियों सहित वाहनों की जांच की गई।
इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बैंक में उपस्थित लोगों से बैंक आने का कारण पूछा साथ ही उन्हें सुरक्षा की जानकारी देकर जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। अनावश्यक रूप से मौजूद लोगों को बैंक के आसपास जमावड़ा न लगाने अन्यथा की स्थिति में जेल भेजने की चेतावनी भी दी। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने मौजूद लोगों को कोरोना वायरस से सुरक्षा एवं बचाव के टिप्स भी बताए। साथ ही पुलिस ने लोगों को सामाजिक दूरी का पालन करने तथा मास्क, सैनिटाइजर आदि का उपयोग करने के लिए जागरूक किया।