कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते भाजपा के अवध क्षेत्र मंत्री। - स्रोत: पार्टी
श्रावस्ती। भाजपा जिला कार्यालय में शनिवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती को अभियान के माध्यम से मनाने की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में अवध क्षेत्र के मंत्री कैप्टन विकास सिंह ने कहा कि लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल अखंड भारत के शिल्पी थे, जिन्होंने अपनी दृढ़ता से भारत की अखंड तस्वीर गढ़ी थी। उन्होंने बताया कि सरदार पटेल का 150वीं जयंती समारोह अभियान 31 अक्तूबर से छह दिसंबर तक सरदार 150 अभियान के रूप में चलाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष मिश्रीलाल वर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरदार पटेल के विचारों को लेकर देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। एक भारत श्रेष्ठ भारत बनाने का कार्य उसी की परिकल्पना है। इस अभियान में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ तीन प्रमुख यात्राओं के आयोजन किए जायेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि पहली नवंबर से 25 नवंबर तक दोनों विधानसभा क्षेत्रों में आठ किलोमीटर लंबी पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही जिले से पांच प्रतिनिधि गुजरात में सरदार पटेल के जन्म स्थान से शुरू होने वाली राष्ट्रीय पदयात्रा में शामिल होंगे। सरदार पटेल के जन्मस्थान करमसद से स्टेचू ऑफ यूनिटी तक 150 किमी लंबी यात्रा पूरी करेंगे। 31 अक्तूबर को रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा।
विधायक राम फेरन पांडेय ने कहा कि आज जो अखंड भारत की तस्वीर नजर आ रही है, वह सरदार पटेल ने अपने कौशल से भारत की बिखरी रियासतों को एक करके बनाई है। भाजपा की जिम्मेदारी बनती है कि सरदार पटेल के एकता व अखंडता के संदेश को हर गांव व हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचाया जाए। इस मौके पर शंकर दयाल पांडेय, संजय कैराती पटेल, महेश मिश्रा ओम, जिला महामंत्री दिवाकर शुक्ला सहित अन्य मौजूद रहे।