श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित होने वाले विविध कार्यक्रमों की तैयारी बैठक का आयोजन हुआ। इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी ली तथा जरूरी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल बिखरे भारत को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। आज उन्हीं की वजह से भारत एक अखंड देश बन सका है। सरदार पटेल के कार्यों व उनकी सोच को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रन फाॅर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा। साथ ही अन्य कार्यक्रम होंगे। इसका उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की भावना जागृत करना है। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि जयंती के सफल आयोजन के लिए नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। विद्यालयों व महाविद्यालयों में निबंध लेखन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, गोष्ठी, नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियों का भी आयोजन कराया जाए। इसके अलावा नशामुक्त भारत शपथ, स्वदेशी मेला, योग व स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जाए।
डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि सरदार पटेल की चिरस्थायी विरासत का सम्मान करने, एकता, देशभक्ति और सेवा के उनके आदर्शों को सुदृढ़ करने के लिए युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की ओर से पूरे देश में सरदार 150 समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विशाल पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। पदयात्रा के दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आत्मनिर्भर भारत शपथ और प्रमाणपत्र वितरण का भी आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र, एमएलसी डाॅ. प्रज्ञा त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्रीलाल वर्मा, एसपी राहुल भाटी, विधायक प्रतिनिधि अवधेश पांडेय, सीडीओ शाहिद अहमद, एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।