श्रावस्ती। बालू का अवैध खनन कर बृहस्पतिवार रात आ रही ट्रैक्टर-ट्राॅली ने गंगापुर व चितईपुर गांव के बीच मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिसमें मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों को देख वाहन सहित भाग रहा ट्रैक्टर चालक नियंत्रण खो बैठा। जिससे ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परशुरामपुर के मजरा सोहरतपुरवा निवासी बालक राम (35) बृहस्पतिवार रात अपने ससुराल इकौना थाना क्षेत्र के मुजेहना गांव से मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चितईपुर व गंगापुर के बीच पहुंचा, तभी बालू का अवैध खनन कर लौट रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान हेलमेट न लगाए होने के कारण बालकराम की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक तुरंत वाहन सहित भागने का प्रयास करने लगा, जिसे ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। इस दौरान बचने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक केवलपुर गांव के निकट वाहन से नियंत्रण खो बैठ और ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर पलट गई। चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया।
मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
बालकराम मजदूरी पेशे से था। जो गैर प्रांत में रहकर मेहनत मजदूरी करता था। घर पर पत्नी, पुत्री मनीषा (5), अनीषा (2.5) व पुत्र राजा (3 माह) रहती है। कुछ दिन पूर्व ही वह घर लौटा था। घटना के बाद से जहां तीन मासूमों के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं परिवार के सामने अब रोजी रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। घर में कोहराम मच गया है। पत्नी व मासूम बेटियां बदहवास हैं।