श्रावस्ती। गिलौला व सोनवा थाने का शुक्रवार को एसपी ने निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों थानों में अपराध समीक्षा की। जहां 70 विवेचनाएं लंबित मिलीं। इस पर नाराजगी जताते हुए एसपी ने विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाने व आरोपियों को जेल भेजने का निर्देश दिया। सोनवा थाने में एसपी प्राची सिंह को 32 विवेचनाएं लंबित मिली जबकि गिलौला में अपराध समीक्षा के दौरान सात विवेचकों की 38 विवेचना लंबित मिलीं। जिसे गंभीरता से लेते हुए एसपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि विवेचक विवेचनाओं के निस्तारण में सार्थक प्रयास नहीं कर रहे हैं। उन्होंने साक्ष्य संकलन कर विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने दोनों थानों में महिला हेल्प डेस्क, थाना कार्यालय, बैरक, अस्त्र-शस्त्र व परिसर आदि का निरीक्षण किया। इस मौके पर सीओ जमुनहा सतीश कुमार शर्मा, इकौना संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक सोनवा व थानाध्यक्ष गिलौला मौजूद रहे।