श्रावस्ती। शिक्षकों को कलात्मक शिक्षण के प्रति प्रेरित करने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से समृद्धि प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें कक्षा नौ से 12 तक के शिक्षक प्रतिभाग करेंगे।
राजकीय बालिका इंटर काॅलेज भिनगा में 11 सितंबर को समृद्धि प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इससे माध्यमिक विद्यालयों में आलोचनात्मक, चिंतनपरक व रचनात्मक शिक्षा प्रणाली के विकास को बढ़ावा मिलेगा। प्रतियोगिता के माध्यम से कलात्मक शिक्षण कार्य कर रहे शिक्षकों की प्रतिभा को उभारा जाएगा, शिक्षकों को सम्मानित भी किया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए संबंधित शिक्षकों को कक्षा में किए गए कार्यों की रिपोर्ट बनाकर प्रस्तुत करनी होगी। बीते वर्ष की प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुके शिक्षकों को इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर नहीं मिल सकेगा।
प्रभारी डीआईओएस अजय कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। प्रतियोगिता में दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।