श्रावस्ती। शिमला में आयोजित गरीब कल्याण सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद किया गया। इस दौरान पीएम किसान सम्मान निधि की रकम किसानों के खाते में भेजी गई। इसका विकास भवन के निकट स्थित जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में सीधा प्रसारण हुआ। इस दौरान मौजूद अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया।
गरीब कल्याण सम्मेलन के दौरान जहां एलईडी के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण हुआ, वहीं कार्यक्रम में मौजूद प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण व शहरी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण व शहरी, जल जीवन मिशन, अमृत योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, सीएम आवास योजना व उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस दौरान शिमला से प्रधानमंत्री मोदी ने जिले के पात्र 96,693 किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि के रूप में 19.33 करोड़ की राशि ऑनलाइन माध्यम से हस्तांतरित की। जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र ने कहा कि सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन सामान्य तक पहुंचे एवं उनका सर्वांगीण विकास हो। सरकार मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, कोविड टीकाकरण व पेंशन स्कीम आदि कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीबों को पात्रता के आधार पर लाभान्वित कर रही है।
विधायक रामफेरन पांडे ने कहा कि देश एवं प्रदेश सरकार समाज में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों के सर्वांगीण विकास को ही अपना लक्ष्य मानती हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष महेश मिश्रा ने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर पात्रों को लाभान्वित किया जा रहा है। इससे गरीबों के जीवन स्तर में सुधार आया है।
डीएम नेहा प्रकाश ने कहा कि विगत दिनों समाज कल्याण, प्रोबेशन एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित पेंशन योजनाओं से वंचित पात्र लोगों के चयन तथा राशन कार्ड से वंचित पात्र लोगों के चयन एवं उन्हें राशन कार्ड मुहैया कराने के लिए शिविरों का आयोजन कर गरीब व बेसहारा लोगों को सरकार की योजनाओं से जोड़ा गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्रता व पारदर्शिता के साथ गरीब, असहाय एवं बेसहारा लोगों को योजनाओं से लाभान्वित करें।
सीडीओ अनुभव सिंह ने कहा कि जो गरीब अभी तक निर्धनता के कारण अपना आशियाना नहीं बना पा रहे थे, पात्रता के आधार पर सरकार उन्हें आशियाना मुहैया करा रही है। इससे उनके जीवन स्तर में भी बदलाव आ रहा है। इस दौरान एसडीएम प्रवेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. एपी भार्गव, डीडीओ विनय कुमार तिवारी, डीपीआरओ आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, उपनिदेशक कृषि कमल कटियार, एनडीएम जितेंद्रनाथ श्रीवास्तव, डीपीओ आशा सिंह सहित अन्य अधिकारी व पदाधिकारी मौजूद रहे।