श्रावस्ती। सड़क हादसे रोकने के लिए जिला पुलिस लोगों को यातायात नियमों व संकेतों की जानकारी देकर इसका अनुपालन करने की अपील कर रही है। लगातार कार्रवाई होने के बावजूद लोग इसका पालन करने को तैयार नहीं हैं।
जिले में पड़ने वाले कोहरे के बावजूद नब्बे फीसदी वाहनों में फाॅग लाइट नहीं है। इतना ही नहीं बगैर हेलमेट व बगैर सीट बेल्ट क्षमता से अधिक सवारी बैठा कर वाहन चलाना आम बात है। इससे स्कूली व डग्गामार वाहन भी अछूते नहीं हैं। जिनमें अधिक पैसा कमाने के लालच में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जा रही हैं। जिले में चलने वाले ज्यादातर भार वाहनों पर जहां ओवर हाइट की समस्या है। वहीं उन पर सवारियां भी बैठाई जा रही हैं।
वहीं यात्री वाहनों व ई रिक्शा पर सामान लादा जा रहा है। जबकि शायद ही कोई ऐसा दिन होगा जब कोई मार्ग दुर्घटना में जख्मी न हुआ हो। वहीं प्रति सप्ताह नियमों की अनदेखी से किसी न किसी को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। इसके बावजूद लोग न तो खुद से नियम का अनुपालन कर रहे न ही पुलिस की सख्ती का असर दिख रहा है।
एएसपी प्रवीण कुमार यादव का कहना है कि कल से सघन जांच अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।