श्रावस्ती। मनरेगा योजना से नए वित्तीय वर्ष में 104 करोड़ 38 लाख 85 हजार रुपये का कार्य कराया जाएगा। इसमें से 63 करोड़ 98 लाख 97 हजार रुपये मजदूरी तो 40 करोड़ 39 लाख 98 हजार रुपये सामग्री पर खर्च होगा। इस कार्ययोजना को जिला पंचायत ने मंजूरी दे दी है। नए वित्तीय वर्ष में हर गांव में काम का अवसर उपलब्ध कराने के लिए मनरेगा योजना से कार्य कराने को मंजूरी दी गई है। जिला पंचायत बोर्ड बैठक में मिली इस स्वीकृति से तीन लाख चार हजार 214 मानव दिवस सृजित करने का लक्ष्य दिया गया है। धनराशि से विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। लेकिन इस वर्ष जमुनहा के बहोरवा में मूर्ति विसर्जन घाट से भकला नाले की सफाई व खुदाई का लक्ष्य दिया गया है।
पौध रोपण व पहली बार पौध की नर्सरी तैयार करने के लिए भी इसमें से धनराशि मिलेगा। सिरसिया में बालापुर, टंगपसरी, उल्लहवा, कटकुइयां, रनियापुर, टिटिहिरिया, घोलिया में अवरोध बांध का निर्माण के साथ ककरदरी अब्दुल्लागंज, दहावर कला, कोरी पुरवा, अंधरपुरवा से इकौना व कटरा से मथुरा घाट ग्रामीण सड़क पर मिट्टी कार्य सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों को शामिल किया गया है। ताकि आम लोगों को सुविधा मिल सके।
इकौना के ग्राम पंचायतों में 12 करोड़ 14 लाख 98 हजार, गिलौला में 17 करोड़ 68 लाख 30 हजार, हरिहरपुररानी 17 करोड़ 76 लाख 70 हजार, जमुनहा में करोड़ 85 लाख 39 हजार, सिरसिया में 11 करोड़ 22 लाख 60 हजार, क्षेत्र पंचायत इकौना में पांच करोड़ सात लाख 13 हजार, क्षेत्र पंचायत गिलौला में तीन करोड़ 30 लाख, क्षेत्र पंचायत हरिहरपुरानी में 52 लाख 95 हजार, क्षेत्र पंचायत जमुनहा में एक करोड़ 29 लाख 22 हजार, क्षेत्र पंचायत सिरसिया में एक करोड़ 43 लाख 55 हजार, लोक निर्माण विभाग में 66 लाख 33 हजार, भूमि संरक्षण अधिकारी कृषि में एक करोड़ चार लाख 17 हजार, वन प्रभाग में एक करोड़ 42 लाख, लघु सिंचाई विभाग में 12 लाख 42 हजार, सरयू नहर खंड प्रथम बलरामपुर में तीन करोड़ 83 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
जिला पंचायत की बैठक में मनरेगा योजना के तहत प्रस्ताव मिला था। इसे मंजूरी दे दी गई है। अप्रैल माह से मनरेगा के नए लक्ष्य पर कार्य प्रारंभ होगा।
- दद्दन मिश्रा अध्यक्ष जिला पंचायत