श्रावस्ती। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में पहली बार रेलवे के भी अधिकारियों ने हिस्सेदारी की। केंद्र सरकार की मदद से संचालित योजनाओं के कार्यों की समीक्षा के लिए होने वाली दिशा की बैठकों में अभी तक रेलवे के अधिकारी नहीं आते थे। पूर्व सांसद व वर्तमान में जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र के प्रयास के बाद बुधवार को आयोजित दिशा की बैठक में रेल विभाग के अफसर भी शामिल हुए। इस दौरान रेलवे के मंडलीय अभियंता ने बताया की बहराइच व श्रावस्ती में रेलवे ट्रैक बिछाने की परियोजना की धीमी रफ्तार के लिए राजस्व विभाग जिम्मेदार है।
सांसदराम शिरोमणि वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। इसके बावजूद राजस्व विभाग की तरफ से अधिगृहीत होने वाली भूमि का नक्शा तक समय पर उपलब्ध नहीं कराया जाता है।
इस पर बैठक में मौजूद डीएम ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह रेल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को तेजी के साथ पूरा कराए। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अंतगर्त जिले में अब तक 5875 के सापेक्ष 4951 लाभार्थियों को प्रथम किस्त राशि, कार्य पूर्ण होने पर 4509 को दूसरी व 2551 लाभार्थियों को किस्त की तीसरी राशि भी दी जा चुकी है।
शिक्षा विभाग की तरफ से संचालित कार्यों के बारे में बताया गया कि जिले में तीन सौ उच्च प्राथमिक विद्यालयाें में फर्नीचर उपलब्ध कराने के साथ ही 15 वर्ष के निरक्षरों को साक्षर बनाने के उद्देश्य से नव भारत साक्षरता कार्यक्रम का संचालन भी किया जा रहा है। इसके प्रथम चरण में जिले में 14979 निरक्षरों का चयन भी हो चुका है।
बताया कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना के तहत 570 ग्रामों के 1318 मंजरों के सापेक्ष विद्युतीकरण का कार्य कराने के साथ ही योजना के तहत अब तक 14765 कनेक्शन भी दिए जा चुके है। बैठक में निर्णय लिया गया की जिन विकास कार्यों की स्वीकृति मिल चुकी है या पूर्ण हो चुके है, उन कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाएगा।