भिनगा तहसील में प्रदर्शन करते लेखपाल।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। उप्र लेखपाल संघ की जिला इकाई के राजस्व लेखपालों ने मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार किया। इस दौरान राजस्व लेखपालों ने भिनगा, इकौना व जमुनहा तहसील में प्रदर्शन किया। लेखपालों ने तहसील अध्यक्ष के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित 11 सूत्री ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
भिनगा में उप जिलाधिकारी भिनगा चंद्रमोहन गर्ग को सौंपे ज्ञापन में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष जयंत सिंह ने कहा है कि संघ की ओर से मांगों को लेकर 04 व 16 जुलाई 2018 को ज्ञापन सौंपा गया था। एक वर्ष बाद भी हमारी मांगें पूरी नहीं हुई।
लेखपालों के वेतन, भत्ते, पदोन्नति, एसीपी, पेंशन विसंगति, सेवा नियमावली, तहसीलों में आधारभूत सुविधाएं एवं संसाधन संबंधी मांग के साथ राजस्व लेखपाल का पदनाम परिवर्तित करने, लैपटॉप व स्मार्टफोन के डाटा चार्ज का भुगतान करने, ई डिस्ट्रिक्ट योजना के तहत प्रति आवेदन पांच रुपये दिलाने, राजस्व परिषद स्तर पर लंबित अन्य मांग पूरी करने पर ध्यान नहीं दिया गया तो संघ संपूर्ण समाधान दिवस सहित थाने में आयोजित समाधान दिवस का भी बहिष्कार करता रहेगा।
ज्ञापन देने वालों में विक्रम सिंह, दिलीप कुमार, घनश्याम, रामराज, ध्रुव कुमार, कन्हई लाल, जगदीश प्रसाद वर्मा, कृष्ण कुमार मिश्र सहित संबंधित तहसीलों के लेखपाल मौजूद रहे।