फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shravasti News: 11 दिन बाद निकली धूप से राहत

Tue, 13 Jan 2026 12:02 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, श्रावस्ती
विज्ञापन
तुलसीपुर चौराहे पर सोमवार को धूप में बैठे लोग। - संवाद
विज्ञापन
श्रावस्ती/वीरपुर/तुलसीपुर। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का सामना कर रहे तराई के लोगों को आखिरकार 11 दिनों के इंतजार के बाद फौरी राहत मिली। नववर्ष के बाद सोमवार को सुबह-सुबह तराई में धूप निकली और गलन व कोहरा दूर हुआ। धूप का आनंद लेने के लिए ज्यादातर लोगों को घर के बाहर बैठे देखा गया। धूप निकलने से किसानों के चेहरे भी खिल उठे। फसल की सिंचाई कर कीटनाशकों का छिड़काव किया।
विज्ञापन




नववर्ष के बाद से ही तराई बर्फीली हवा व कोहरे की चपेट में थी। पांच से छह किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवा के चलते जनजीवन अस्तव्यस्त था। तराई में कोहरा बूंद बनकर बरस रहा था। इससे तराईवासी आसमान से राहत की उम्मीद लगाए थे।

सोमवार की सुबह धूप निकली, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। धूप निकलने से सोमवार को तराई का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री की बढ़ोतरी के साथ नौ डिग्री पहुंच गया। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विज्ञापन




किसान खुश, सभी लंबित काम निपटाए
तराई में लगातार जारी गलन व कोहरे के चलते किसान गेहूं व सरसों की फसल की सिंचाई व दवा छिड़काव नहीं कर पा रहे थे। सोमवार को पूरे दिन फसल की सिंचाई व फसल पर कीटनाशक व घास रोधी दवा का छिड़काव करते देखा गया। इकौना के मिश्रीपुरवा निवासी किसान उदयचंद शुक्ला व महदेईया निवासी दीप नरायण मिश्रा ने बताया कि गेहूं को ठंड के साथ-साथ धूप की भी जरूरत रहती है। धूप न निकलने से सरसों में माहू कीट लगने का खतरा था। धूप निकलने से गेहूं व सरसों, दोनों को फायदा हुआ है। साथ ही फसल की सिंचाई व दवा छिड़काव का काम भी हो गया।




अगले पांच दिन राहत की उम्मीद
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को धूप निकलने के साथ ही न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री व अधिकतम 20.8 डिग्री, बुधवार को धूप निकलने के साथ ही न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री व अधिकतम 20.6 डिग्री, बृहस्पतिवार को धूप निकलने के साथ ही न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री व अधिकतम 20.8 डिग्री, शुक्रवार को बादलों की आवाजाही के साथ न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री व अधिकतम 20.7 डिग्री व शनिवार को बादलों की आवाजाही के साथ न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री व अधिकतम 21.9 डिग्री रहने की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें