श्रावस्ती। रबी सीजन 2026-27 की फसलों के लिए अनुदानित बीज और निशुल्क बीज मिनीकिट हेतु पंजीकरण शुरू हो गया है। प्रथम चरण का पंजीकरण दो जुलाई से शुरू होकर 16 अगस्त तक चलेगा। किसान गेहूं, जौ, चना, मटर, मसूर, सरसों और अलसी के बीज के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी उमेश गुप्ता ने बताया कि किसान कृषि विभाग के कार्यालय, www.agriculture.up.gov.in या नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडार पर पंजीकरण करा सकते हैं। प्रथम चरण की इलेक्ट्रॉनिक लॉटरी 17 अगस्त को होगी। इसके बाद द्वितीय और तृतीय चरण सात-सात दिन के अंतराल पर संचालित होंगे।
प्रत्येक चरण में सोमवार से बुधवार तक पंजीकरण, गुरुवार को ई-लॉटरी, फिर शुक्रवार से रविवार तक पुनः पंजीकरण और अगले सोमवार को लॉटरी होगी। तिलहन को बढ़ावा देने के लिए 10 क्विंटल तोरिया बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर तथा 20 क्विंटल निशुल्क तोरिया बीज मिनीकिट भी उपलब्ध कराई जाएगी। किसान समय से पंजीकरण कर योजना का लाभ लें।