धान क्रय केंद्र टंड़वा बनकटवा का निरीक्षण करते डीएम।
- फोटो : धान क्रय केंद्र टंड़वा बनकटवा का निरीक्षण करते डीएम।
श्रावस्ती। खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से बनाए गए धान खरीद केंद्रों का सोमवार को डीएम अश्विनी कुमार पांडेय ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष खरीद करने व किसानों को बेहतर व्यवस्था प्रदान करने का निर्देश दिया।
हरिहरपुररानी क्षेत्र के राजकीय धान क्रय केंद्र टंड़वा बनकटवा में निरीक्षण के दौरान डीएम को जानकारी मिली कि क्रय केंद्र को 23000 क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य दिया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 60 किसानों से 2839.6 क्विंटल धान खरीदा गया है। डीएम ने खरीद केंद्र पर खरीद पंजिका, बोरों की उपलब्धता, ई-उपार्जन के लिए लैपटाप/आई-पैड, इलेक्ट्राॅनिक कांटा, विनोइंग पंखा, छलना पावर डस्टर आदि को देखा।
इसी तरह से राजकीय धान क्रय केंद्र बी-पैक्स भिनगा देहात का भी निरीक्षण किया। इस केंद्र का 8400 क्विंटल लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 24 किसानों से कुल 1226 क्विंटल धान की खरीद की गई है। डीएम ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी नरेंद्र कुमार मिश्रा को नियमित निगरानी का करने का निर्देश दिया। डीएम ने किसानों से अपील की कि वे धान बेचने के लिए नजदीकी जनसेवा केंद्र पर जाकर या UPKisanMitra मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण करा लें, जिससे उन्हें धान बेचने में समस्या का सामना न करना पड़े।