तुलसीपुर। सोनवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोहरनिया निवासी रंजीत कुमार (23) की शुक्रवार शाम इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही अंतिम संस्कार कर दिया।
मोहरानिया निवासी रंजीत कुमार (23) ने घरेलू कलह से तंग आकर बृहस्पतिवार रात पत्नी सुमित्रा, पिता श्यामलाल और मां कोयला देवी की जमकर पिटाई की। आवेश में आकर उसने घरेलू गैस सिलिंडर का पाइप निकाल कर घर में आग लगा दी थी।
आग से जहां एक ओर घर में रखा अनाज, कपड़े, कूलर, पंखा सहित गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया तो वहीं रंजीत भी गंभीर रूप से झुलस गया था। रंजीत को पहले जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज बहराइच ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया था, जहां शुक्रवार शाम मौत हो गई।
रंजीत के मां-बाप व पत्नी का इलाज मेडिकल कॉलेज बहराइच में जारी है। सोनवा थाना प्रभारी बिशुनदेव पांडेय ने बताया कि परिजनों ने उन्हें कोई जानकारी नहीं दी है। जांच करवाई जा रही है।