देर रात हुई बरसात के बाद भिनगा में काट कर रखी फसल भीगी।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। तराई में सोमवार की रात गरज चमक के साथ कहीं हल्की तो कहीं तेज बरसात हुई। इससे खेतों में खड़ी व कटी पड़ी गेहूं की फसल भीग गई, जिससे जिले में गेहूं की कटाई व मड़ाई का कार्य प्रभावित हो गया। तेज बरसात के कारण कई स्थानों पर फसलों के खराब होने का खतरा भी बढ़ गया है। मंगलवार को खिली चटक धूप देख किसान फसल को सुखाने में लग गए हैं।
जिले में सोमवार देर शाम घने काले बादल छा गए। रात करीब 11 बजे अचानक तेज हवाएं चलीं। इसके बाद गरज चमक के साथ शुरू हुई बरसात करीब दस मिनट तक जारी रही। इस बीच जहां तराई में तेज बरसात हुई, वहीं दोआब क्षेत्र में बारिश हल्की रही। इस बरसात के कारण गेहूं की कटाई व मड़ाई का कार्य पूरी तरह से ठप हो गया। वहीं फसलों में नमी आ जाने के कारण इसकी कटाई का कार्य भी बाधित हो गया।
हालांकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बरसात के कारण फसलों पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा। मंगलवार को निकली चिलचिलाती धूप के कारण जिले के कुछ हिस्सों में गेहूं की कटाई व मड़ाई का कार्य प्रारंभ हो गया। वहीं जिन क्षेत्रों में तेज बरसात के कारण फसलें भीग गईं, वहां किसान उन्हें बर्बाद होने से बचाने के लिए फसलों को सुखाने में जुट गया है।
अभी सावधान रहें, किसान हो सकती है भारी बरसात
मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया था, जिसमें 21, 23, 24, 27 व 28 अप्रैल को भारी बरसात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी पहले दिन सच साबित हुई। ऐसे में आगामी दिनों भी बरसात होने की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता है। ऐसे में किसानों से अपील है कि किसान जल्द से जल्द गेहूं की कटाई व मड़ाई कराकर उसे सुरक्षित कर लें। अन्यथा उनकी फसल को नुकसान हो सकता है।
- आरपी राना, उप कृषि निदेशक