फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बरसात से फसल हुई चौपट

विज्ञापन
विज्ञापन
श्रावस्ती। तराई में कई दिनों से उमड़-घुमड़ रहे घने काले बादल गुरुवार रात गरज-चमक के साथ बरस गए। मध्यरात के करीब तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश शुक्रवार दोपहर तक जारी रही। इससे गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा। वहीं जगह-जगह कीचड़ व जलभराव के कारण लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस बीच करीब पंद्रह घंटे तक ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित रही जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
विज्ञापन

जिले में करीब तीस प्रतिशत गेहूं की फसल या तो खेतों में लगी है या फिर उसकी मड़ाई नहीं हो सकी है। फसल सहेजने के लिए किसान परेशान हैं। ऐसे में गुरुवार रात शुरू हुई बारिश रुक-रुक कर शुक्रवार दोपहर तक जारी रही। इससे खेतों में काटकर रखी गई फसल जलभराव हो जाने के कारण पूरी तरह से भीग गई।
वहीं बारिश ने खेत में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचाया जिसे देख किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें खिंच गईं। बारिश थमने के बाद किसान अपनी फसलों को सुखाने में जुट गए हैं। किसानों का मानना है कि फसल भीग जाने के कारण जहां उन्हें इसका अच्छा मूल्य नहीं मिलेगा। वहीं इनके काला होने का खतरा भी उत्पन्न हो गया है।
विज्ञापन

तेज बारिश से भिनगा-बहराइच मुख्य मार्ग पर खैरीमोड़ व गिलौला में बौद्ध परिपथ आदि प्रमुख व संपर्क मार्गों पर कीचड़ व जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है जिससे लोगों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। खैरीमोड़ पर मुख्य मार्ग ने तालाब का स्वरूप धारण कर लिया है। इसके चलते राहगीर, साइकिल व दो पहिया वाहन चालक बगुरइयां मार्ग का सहारा लेने को विवश हो गए हैं।
तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। गुरुवार मध्यरात बाधित हुई ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति करीब पंद्रह घंटे बाद बहाल हो सकी। विद्युत उपकेंद्र भिनगा के मछरिहिवा, भंगहा, सेमरी व लक्ष्मनपुर फीडर की विद्युत आपूर्ति गुरुवार मध्य रात बाधित हो गई जिससे समूचा क्षेत्र पूरी रात अंधेरे में डूबा रहा। मौसम सामान्य होने के बाद विद्युत कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर शुक्रवार शाम तीन बजे के बाद आपूर्ति बहाल कराई।
वहीं सिरसिया के विद्युत उपकेंद्र घोलिया को जाने वाली हाईटेंशन लाइन में फाल्ट हो जाने के कारण शुक्रवार दोपहर बाद तक समूचे सिरसिया क्षेत्र की आपूर्ति बाधित रही। यही हाल जमुनहा के विद्युत उपकेंद्र घोलिया, गिलौला, सीताद्वार, कटरा व इकौना का भी रहा जहां फाल्ट के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति करीब पंद्रह घंटे तक बाधित रही जिससे जिले की करीब सात लाख आबादी प्रभावित हुई। हालांकि शुक्रवार शाम तीन बजे के बाद पूरे जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सामान्य हो गई जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
भिनगा नगर के ईदगाह तिराहे के निकट लगा ट्रांसफार्मर बारिश के बीच आई फाल्ट के कारण गुरुवार रात फुंक गया जिससे नई बाजार की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई जिसे शनिवार को भी बहाल नहीं कराया जा सका। जिले में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर न होने के कारण 40 घंटे बाद भी बाजार की आपूर्ति बाधित है। इससे करीब पांच हजार की आबादी प्रभावित है। इसकी शिकायत के बाद बिजली निगम कर्मी ट्रांसफार्मर मंगाकर जल्द ही आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दे रहे हैं।
जिले में गुरुवार रात हुई बारिश के कारण खेत व खलिहानों में रखा भूसा भीग गया है। अब इसके खराब होने की आशंका बढ़ गई है। इसके चलते आगामी दिनों किसानों के सामने पशुओं के चारे का संकट भी उत्पन्न हो सकता है जिससे बचने के लिए किसान उसे सुखाने में लग गया है।
तराई में गुरुवार रात हुई तेज बारिश व हवा के कारण इकौना-विशेश्वरगंज मार्ग पर ग्राम भलुदिया दसौधी के निकट एक विशालकाय पेड़ मुख्य मार्ग पर ही गिर गया जिससे आवागमन बाधित हो गया। पेड़ गिरने की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने डालियों को काटकर किसी तरह मार्ग पर आवागमन बहाल कराया। शुक्रवार को तहसील प्रशासन के निर्देश पर लोकनिर्माण विभाग द्वारा जेसीबी मंगाकर मार्ग पर पड़े पेड़ को हटवा दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें