श्रावस्ती। तराई में बुधवार को मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिला। कहीं चिलचिलाती धूप, कहीं बादल तो कहीं बरसात हुई। इससे जहां किसानों के चेहरे खिल गए वहीं लोगों की दुश्वारी भी बढ़ी है। इस बीच उमस भरी गर्मी ने जहां लोगों को बेहाल कर दिया। वहीं अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान रहे।
जमुनहा व सिरसिया क्षेत्र में बुधवार को झमाझम बरसात हुई। ऐसे में किसानों ने धान की नर्सरी डालने की तैयारी तेज कर दी। वहीं उमस भरी गर्मी से जूझ रहे जमुनहा व सिरसिया क्षेत्र के लोगों को राहत मिली। बरसात के कारण खेतों में लगी फसलों को भी फायदा हुआ। वहीं इसके विपरीत भिनगा व उसके आसपास क्षेत्रों में कभी बादल तो कभी चिलचिलाती धूप के बीच हुई बूंदाबांदी से उमस काफी बढ़ गई। ऐसे में लोग पंखे के नीचे भी पसीने से तर-बतर रहे। इकौना व गिलौला क्षेत्र में सुबह से ही निकली चटक धूप ने लोगों को नौतपा का एहसास कराया। इस बीच होने वाली अघोषित बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गई। (संवाद)