श्रावस्ती। लॉकडाउन की स्थिति का जायजा लेने के लिए बुधवार को डीएम व सीडीओ ने जिले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने क्वारंटीन केंद्रों में जाकर वहां लोगों से मिल कर उनका हाल भी जाना। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने लोगों से सामाजिक दूरी बनाए रखने, लॉकडाउन का कड़ाई से पालन करने व कोविड 19 के संक्रमण को रोकने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
डीएम यशु रुस्तगी ने सीडीओ अवनीश राय के साथ बुधवार को जिले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सिरसिया के क्वारंटीन केंद्र प्राथमिक विद्यालय विशुनापुर बनकट का निरीक्षण किया। जहां बाहर से आये 28 लोगों को क्वारंटीन किया गया था। इसके बाद उन्होंने पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेचुआ में क्वारंटीन 14, प्राथमिक विद्यालय चतुरी गांव में क्वारंटीन 24 व सिरसिया पॉलीटेक्निक के बगल मॉडल स्कूल में क्वारंटीन बाहर से आये 90 लोगों से मिलकर उनका हाल जाना।
इस दौरान सीडीओ ने लोगों को इस बीमारी से बचाव के लिए शासन की ओर से जारी दिशा निर्देशों का अनुपालन करने, मास्क, गमछा, तौलिया, दुपट्टा एवं रुमाल का प्रयोग करने की सलाह दी गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्वारंटीन केंद्रों पर चौदह दिन पूरा होने के बाद लोग अपने घर जा सकते हैं। लेकिन उन्हें वहां भी चौदह दिन एकांतवास करना होगा। इस दौरान उनको अपने खान पान रहन सहन आदि पर विशेष ध्यान देना होगा। जिससे स्वयं सुरक्षित रह कर अपने घर परिवार व ईष्ट मित्रों को इस बीमारी से बचाने में सहयोग कर सकें।