श्रावस्ती। जिले के धान क्रय केंद्रों पर मनमानी की जा रही है। किसान अधिकांश क्रय केंद्रों पर 900 ग्राम अतिरिक्त धान लेने का आरोप लगा रहे हैं। इसके बाद भी उनकी उपज की खरीद क्रय केंद्रों पर समय से नहीं हो पा रही है। इससे कई केंद्रों पर लगभग दस दिन से किसानों की लंबी कतार लगी हुई है। कुछ केंद्रों पर बोरा न होने की बात कह कर खरीद बंद कर दी गई है। लगभग सभी क्रय केंद्रों की स्थिति यही है।
समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीद का दावा जिले में खोखला साबित हो रहा है। कई ऐसे क्रय केंद्र हैं जहां बोरे की कमी बता कर खरीद कई दिनों से बंद है। तो कई स्थानों पर किसानों की कतार टूटने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे ही किसानों ने क्रय केंद्रों पर किसानों से 40 किलो की तौल पर 900 ग्राम अतिरिक्त धान लेने का आरोप लगाया है।
देखा जाए तो प्रति क्विंटल किसानों को दो किलो धान क्रय केंद्रों को अतिरिक्त खर्चे के नाम पर देना पड़ रहा है। इस सबके बावजूद भी किसानों से समय पर उपज की खरीद नहीं हो पा रही है। कई-कई दिन तक केंद्रों पर किसानों के वाहन खड़े होने से उनका किराया भी बढ़ता जा रहा है। इससे किसानों में नाराजगी है।
साधन सहकारी संघ मल्हीपुर में नहीं बोरा
जमुनहा स्थित साधन सहकारी संघ मल्हीपुर के सचिव राजेंद्र प्रसाद मिश्रा ने बताया अभी केंद्र में बोरी नहीं आया है। अब तक 1999.86 क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है। 1600 क्विंटल धान आज दो ट्रकों पर लोड किया जा रहा है। बोरे आते ही धान की खरीद प्रारंभ हो जाएगी।
साधन सहकारी समिति धुसवां में नहीं हो रही खरीद
गिलौला स्थित साधन सहकारी समिति धुसवां में क्रय केंद्र पर धान की तौल नहीं की जा रही। इसके चलते केंद्र के बाहर करीब दस से बारह ट्रॉली खड़ी हुई हैं। मौके पर मौजूद किसान रतनापुर निवासी संतोष कुमार ने बताया कि 10 दिन से केंद्र पर ट्राली खड़ी हुई है। अभी नंबर नही आया है। प्रभारी अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि गोदाम फुल होने के कारण तौल नही की जा रही है। 50 किसानों का 3280 क्विंटल धान खरीदा गया जबकि वही 50 किसानों का रजिस्ट्रेशन फार्म जमा है।
95 किसानों का नहीं आया पैसा
साधन सहकारी समिति हुसैनपुर खुरुहरी क्रय केंद्र पर धान की तौल की जा रही थी। जहां पर 160 किसानों से 7970 क्विंटल धान खरीदा गया है। 165 किसानों का रजिस्ट्रेशन फार्म जमा है। केंद्र पर मौजूद प्रभारी धर्मवीर ने बताया कि 160 किसानों में केवल 65 के ही रुपये आए हैं। शेष 95 किसानों का पैसा अभी नहीं आया है।
4648 किसानों से खरीदा गया धान
जिले में धान खरीद का कुल लक्ष्य 35 हजार एमटी निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक कुल 25257.395 एमटी धान की खरीद ही हो पाई है। खरीदे गए धान के सापेक्ष किसानों का 4703.483 लाख रुपये का भुगतान बना। इस भुगतान के सापेक्ष किसानों का अब भी 1181.223 लाख रुपये बाकी है। अब तक कुल 4648 किसानों से जिले में धान खरीदा जा चुका है। जबकि धान बेचने के लिए पंजीकृत किसानों की संख्या इससे कहीं ज्यादा अधिक है।
जिले में अब तक 72.164 प्रतिशत धान की खरीद हो चुकी है। अवशेष लक्ष्य जल्द ही पूरा हो जाएगा। वहीं यदि अधिक धान लेने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित पर कार्रवाई होगी। - योगानंद पांडे, एडीएम