श्रावस्ती। इकौना के ग्राम जयचंदपुर कटघरा में कारीब 32 वर्ष पूर्व से इलाहाबाद बैंक शाखा सेमगढ़ा का संचालन हो रहा है। जिसे अब गांव से हटाकर करीब 10 किलोमीटर दूर राप्ती नदी के कछार में स्थित सेमगढ़ा चौराहा स्थानांतरित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसका स्थानीय ग्रामीणों सहित क्षेत्रवासियों द्वारा विरोध किया जा रहा है।
मामले में क्षेत्रवासियों की मांग पर श्रावस्ती विधायक द्वारा बैंक के एजीएम को पत्र भी लिखा गया। इसके बाद भी बैंक शाखा को हटाने की प्रक्रिया जारी है। इससे नाराज क्षेत्रवासियों ने सोमवार से बैंक शाखा के सामने अनिश्चितकालीन आमरण अनशन प्रारंभ कर दिया है।
इकौना तहसील व विकास क्षेत्र का ग्राम जयचंदपुर कटघरा बौद्ध परिपथ के किनारे स्थित है। इकौना गिलौला मार्ग पर बसे इस गांव में 32 वर्ष पूर्व इलाहाबाद बैंक शाखा सेमगढ़ा का संचालन प्रारंभ हुआ था। मार्ग किनारे बैंक शाखा का संचालन होने में इकौना व गिलौला क्षेत्र के करीब 40 गांव के ग्रामीणों द्वारा अपना खाता संचालित किया जा रहा है।
इतना ही नहीं इन गांव के ग्राम प्रधानों का खाता भी इसी बैंक शाखा में संचालित हो रहा है। इससे खाताधारकों को यहां बैंक आने जाने में सुविधा रहती है। लेकिन अब बैंक शाखा सेमगढ़ा को जयचंदपुर कटघरा गांव से हटाकर सेमगढ़ा चौराहे पर ले जाने की तैयारी की जा रही है। जबकि सेमगढ़ा चौराहा व गांव बौद्ध परिपथ से करीब 10 किलोमीटर दूर राप्ती नदी के कछार क्षेत्र में स्थित है।
जहां बरसात के दिनों में बाढ़ व जलप्लावन के कारण जाना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन रहता है। इसका गिलौला व इकौना क्षेत्र के ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों द्वारा विरोध किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों की मांग व सुविधा को देखते हुए श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे द्वारा कुछ दिन पूर्व इलाहाबाद बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक बहराइच को पत्र देकर बैंक शाखा को न हटाने की मांग की गई थी।
साथ ही क्षेत्रवासियों ने भी ज्ञापन सौंपकर बैक स्थानांतरित न करने अन्यथा बैंक शाखा स्थानांतरित होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दिया गया था। इसके बावजूद बैंक शाखा को हटाने की कवायद जारी है।
इससे क्षुब्ध क्षेत्रवासियों ने सोमवार से जयचंदपुर कटघरा स्थित इलाहाबाद बैंक शाखा के सामने अनिश्चितकालीन आमरण अनशन प्रारंभ कर दिया है। इस बारे में एलडीएम अनंत खरे बताते है कि बैंक शाखा को स्थाई रखने के लिए ग्रामीण एक पत्र दें। इसके बाद बैंक शाखा यथावत रखा जाएगा।