बाबागंज (बहराइच)। गनेशपुर गांव में गुरुवार रात से खसरे का प्रकोप है। छह लोग बीमार हैं। सूचना के बावजूद स्वास्थ्य कर्मी गांव नहीं पहुंचे हैं।
इससे लोगों की हालत बिगड़ती जा रही है। विकास खंड नवाबगंज अंतर्गत गनेशपुर गांव में गुरुवार रात गांव निवासी नरेश प्रसाद (35), शिवांश (5), आदित्य (7), अनुराग (5), हिमांशी (3) समेत छह लोग खसरे की चपेट में आ गए।
गांव निवासी प्रमोद ने बताया कि सभी को पहले तेज बुखार हुआ। फिर शरीर पर लाल दाने निकल आए। प्रमोद ने बताया कि खसरा फैलने की सूचना सीएचसी चरदा और जिला मुख्यालय पर दी गई, लेकिन अब तक कोई भी स्वास्थ्य कर्मी गांव नहीं पहुंचा है। इस मामले में सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधीक्षक डॉ. अर्चित श्रीवास्तव का कहना है कि उन्हें खसरा फैलने की कोई सूचना नहीं है।
वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश सिंह ने कहा कि खसरा फैलने की सूचना अब मिली है। संक्रामक रोग नियंत्रण कक्ष की टीम गांव भेजी जा रही है।