इकौना (श्रावस्ती)। सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक देवीपाटन मंडल गोंडा ने शनिवार को इकौना क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय पतेढा बंद मिला। इस पर उन्होंने बीएसए को विद्यालय के शिक्षकों का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
देवीपाटन मंडल गोंडा के सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक विनय कुमार वन ने शनिवार को इकौना पहुंचे। जहां उन्होंने क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले एडी बेसिक ने कंपोजिट विद्यालय मोहम्मदपुर राजा का औचक निरीक्षण किया। यहां विद्यालय की प्रधान शिक्षिका शालिनी चौधरी हस्ताक्षर बनाकर डीसीएफ प्रपत्र की जांच कराने बीआरसी चली गई थीं। दूरभाष से सूचना पर शिक्षिका विद्यालय पहुंचीं। जिन्हें भविष्य में कहीं जाने पर विद्यालय में सूचना लिख कर रख जाने की चेतावनी दी गई। विद्यालय की दो अन्य शिक्षिकाएं अवकाश पर मिलीं। जबकि अन्य उपस्थित रहे। वहीं कंपोजिट विद्यालय मझौवा में प्रधान शिक्षक बलराम सिंह सहित सभी शिक्षक उपस्थित मिले।
वहीं प्राथमिक विद्यालय पटेढ़ा में ताला लटकता मिला। इस पर एडी बेसिक ने विद्यालय के सभी शिक्षकों का वेतन रोकने का निर्देश बीएसए को दिया। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय रघुवीर पुरवा व अकबरपुर का निरीक्षण किया। जहां सभी शिक्षक मौजूद मिले। अकबरपुर में निरीक्षण पुस्तिका न होने पर विद्यालय की प्रधान शिक्षिका को कड़े निर्देश भी दिए। विद्यालयों के निरीक्षण के बाद एडी बेसिक बीआरसी इकौना पहुंचे। जहां प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में शिक्षक नेताओं ने उनका स्वागत किया। साथ ही शिक्षक समस्याओं को लेकर उन्हें 21 सूत्री ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर उत्तम चौधरी, रवींद्र पाठक, अनवर खान, नन्द किशोर मौर्य आदि मौजूद रहे।