श्रावस्ती। नवरात्र को लेकर बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ी है। वहीं, कुछ चीजें महंगी तो कुछ सस्ती होने से मिलाजुला असर दिख रहा है। हालांकि किशमिश के दाम दोगुने हो जाने से लोग उसे खरीदने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं।
नवरात्र में किराने, पूजा सामग्री व मिठाई की दुकान पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। लोग अपनी जरूरत के हिसाब से सामान की खरीदारी करते नजर आ रहे हैं। फलाहार का सामान खरीदने वाले ग्राहक किशमिश की बारी आने पर ठिठक जाते हैं। वजह है कि बीते वर्ष की तुलना में इस बार किशमिश के दाम करीब दोगुने हो गए हैं। पहले किशमिश 280 से 400 रुपये प्रतिकिलो बिकी थी। इस बार ये 500 से 600 रुपये में बिक रही है। इसी तरह से कुट्टू का आटा 120, सिंघाड़ा आटा 140, मूंगफली 110 से 140, रामदाना 100, चीनी 46, काजू 880 से 1000, बादाम 800 से 900 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। वहीं मूंगफली का तेल 150 से 240 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। दुकानदार बताते हैं कि इस बार लगभग सभी सामान 15 से 20 रुपये महंगे हैं।