संयुक्त जिला चिकित्सालय में नए काउंटर से परचा बनवाते मरीज। - संवाद
श्रावस्ती। संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में बृहस्पतिवार को नए परचा काउंटर का शुभारंभ किया गया। इससे मरीजों व तीमारदारों को भीड़ व गर्मी से राहत मिल गई।
संयुक्त जिला चिकित्सालय आने वाले मरीजों व तीमारदारों को परचा बनवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ती थी। छोटी सी खिड़की से महिलाओं व पुरुषों का परचा बनाया जाता था। परिसर में पंखे की व्यवस्था न होने से गर्मी में घंटों लाइन में लगना पड़ता था। इससे मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी।
अब अस्पताल परिसर स्थित टिनशेड में परचा काउंटर बन जाने से मरीजों को उमस भरी गर्मी से नहीं जूझना पड़ेगा। सीएमएस डॉ. केडी गुप्ता ने बताया कि कुछ अड़चनों के कारण परचा काउंटर बाहर नहीं किया जा रहा था, लेकिन अब समस्या समाप्त होने से परचा काउंटर को टिनशेड में स्थापित कर दिया गया है।