श्रावस्ती। जिले में शनिवार को अकीदत के साथ बकरीद का पर्व मनाया गया। कोरोना संक्रमण के चलते इस इस बार लोगों ने अपने अपने घरों में ही बकरीद की नमाज अदा की। ईदगाहों पर मात्र पांच लोगों को ही पेश इमाम ने ईद की नमाज अदा कराई। इस दौरान भिनगा सहित जिले के अन्य स्थानों पर बकरीद की नमाज अदा कर लोगों ने अमन चैन व कोरोना महामारी को दूर करने की दुआ मांगी गई। इसके बाद लोगों ने बिना गले मिले एक दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी। इसके साथ ही शुरू हुआ कुर्बानी का दौर दूसरे दिन भी जारी रहा।
जिले में बकरीद का मुबारक पर्व शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। भिनगा सहित जिले के अन्य ईदगाहों में मात्र पांच लोगों को ही बकरीद की नमाज अदा कराई गई। वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने धर्मगुरुओं व आम लोगों से अपने अपने घरों में ही बकरीद की नमाज अदा करने की अपील की थी।
जिसका असर भी देखने को मिला। लोगों ने अपने अपने घरों में ही सामाजिक दूरी का अनुपालन करते हुए बकरीद की नमाज अदा की। इतना ही नहीं लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए दूर से ही दुआ सलाम व बकरीद की मुबारकबाद देते नजर आए। ईदगाहों पर नमाजियों की भीड़ न पहुंचे व सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से अनुपालन हो इसके लिए स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी ईदगाहों पर मौजूद रहे।
यही हाल इकौना, गिलौला, सिरसिया, जमुनहा, हरदत्त नगर गिरंट, बदला, नासिरगंज, भंगहा, लक्ष्मनपुर बाजार, सेमगढ़ा आदि क्षेत्रों का भी रहा। जहां लोगों ने अपने अपने घरों में बकरीद की नमाज अता कर अमन चैन व कोरोना संक्रमण को दुनिया से खत्म करने की दुआ मांगी। साथ ही एक दूसरे के गले मिले बिना उन्हें बकरीद की मुबारकबाद दी। इसके साथ शुरू हुआ कुर्बानियों का सिलसिला रविवार दूसरे दिन भी जारी रहा।
त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना रहा। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस के साथ ही पीएसी व होमगार्ड के जवानों को भी ईदगाह व ईदगाह जाने वाले मार्गों पर तैनात किया गया था। वहीं अधिकारियों ने प्रमुख कस्बों सहित जिले के अन्य हिस्सों में जाकर स्थिति का जायजा भी लिया।