श्रावस्ती। विद्युत उपकेंद्र भिनगा के मछरिहिवा फीडर से जुड़ी लाइन पर लगे पोल से सोमवार सुबह अचानक तार टूटकर गिर गया। इसके चलते समूचे क्षेत्र की आपूर्ति पूरे दिन बाधित रही। क्षेत्र के करीब 45 गांव तथा नगर के तीन वार्डों में रहने वाली करीब एक लाख आबादी को बिना बिजली के रहना पड़ा।
विद्युत उपकेंद्र भिनगा के मछरिहिवा फीडर में सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे फाल्ट आ गया। खैरी मोड़ व सर्वामाई स्थान के मध्य हाई टेंशन लाइन टूटकर तीन पोल से अचानक नीचे गिर गई। इसके कारण समूचे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। जिससे नगर पालिका परिषद भिनगा के कृष्ण नगर, सिविल लाइंस, अब्दुल कलाम नगर वार्ड सहित हरिहरपुररानी विकास क्षेत्र के वर्गीवर्गा, चहलवा, मदरहवा, लौकीपुरवा, मछरिहिवा, महरी, लोनियनपुरवा, पतिझिया, ककरा, रामपुर ककरा, परसा, डेहरिया, कोड़री सहित 45 गांव की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई।
उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों के बाद हरकत में आए पावर कॉर्पोरेशन के कर्मचारियों ने फाल्ट दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया लेकिन शाम तक आपूर्ति बहाल न होने के कारण करीब एक लाख की आबादी विद्युत आपूर्ति के लाभ से वंचित हो रही है। इसका असर ग्रामीण जलापूर्ति पर भी पड़ा।
वहीं गणेश संकष्टी पर्व पर आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे उपभोक्ताओं में पावर कॉर्पोरेशन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। इस बारे में अधिशासी अभियंता पावर कॉर्पोरेशन रमाशंकर मौर्य ने बताया कि आपूर्ति बहाल कराने के लिए कर्मचारियों को लगाया था। जल्द ही आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।