इकौना। बदहाल बिजली व्यवस्था से परेशान छह से अधिक गांवों के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को सीताद्वार पावर हाउस पर प्रदर्शन किया। देर शाम तक चले प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने अन्य गांवों के फीडर भी बंद करवा दिए। एसडीओ के आश्वासन पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया। अर्नब तूफान के दौरान तेज हवा से बिजली के पोल गिरने के कारण सीताद्वार पावर हाउस से जुड़े महादेव जगदीश, जानकी नगर खुर्द, परसौरा और सौरोपुर सहित कई गांवों की आपूर्ति ठप है। 15 दिन से अधिक समय से बिजली नहीं मिलने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी पवन पांडेय, पूर्व प्रधान महादेव जगदीश, केशवराम, राकेश कुमार मिश्रा, हरिश्चंद्र पांडेय, दूधनाथ, राजकुमार पांडेय और रूपा ने बताया कि शिकायत के लिए फोन करने पर जिम्मेदार अधिकारी कॉल नहीं उठाते। पावर हाउस पहुंचने पर भी अधिकारी नहीं मिलते हैं। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे एसडीओ ने ग्रामीणों को बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।