श्रावस्ती। निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मंगलवार को भी कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन किया। इससे जिले में हुए फाल्ट दुरुस्त नहीं होने से नगर के करीब 18 वार्ड और 152 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इन फाल्टों को ठीक करना तो दूर पावर कॉर्पोरेशन के कर्मचारी कंट्रोल रूम का फोन भी नहीं उठा रहे हैं। वहीं बिजली व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए प्रशासन की ओर से किए गए इंतजाम कागजी साबित हो रहे हैं।
सरकार पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम का निजीकरण करना चाहती है। जिसके विरोध में अधिकारी व कर्मचारी बिजली कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले सोमवार से कार्य बहिष्कार व धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रदर्शन व कार्य बहिष्कार मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इसका असर अब जिले की विद्युत आपूर्ति पर पड़ रहा है। पावर कॉर्पोरेशन कर्मियों की हड़ताल के चलते फाल्ट सही नहीं होने से भिनगा, इकौना, गिलौला, कटरा, सिरसिया व जमुनहा क्षेत्र के करीब 18 वार्ड और 152 गांवों की विद्युत आपूर्ति रात से ही बाधित है।
वहीं व्यवस्था को सुचारु ढंग से संचालित करने के लिए प्रशासन की ओर से तैनात किए गए राजस्व कर्मियों ने उपकेंद्रों का चार्ज नहीं लिया है। ऐसे में बिजली व्यवस्था लगातार खराब होती जा रही है। मंगलवार शाम तक जिले भर में कुल 1632 शिकायतें विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हुई, जिनका निराकरण नहीं हो रहा है। इतना ही नहीं विद्युत उपकेंद्रों पर स्थापित कंट्रोल रूम का नंबर भी कर्मचारी नहीं उठा रहे हैं। जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही है। जिन क्षेत्रों की आपूर्ति सुचारु ढंग से संचालित हो रही है। सिर्फ वहीं फीडर चलाए जा रहे हैं।
जिन फीडरों पर कोई फाल्ट है उन फीडरों की आपूर्ति पूरी तरह से बाधित है। इसका असर करीब पांच लाख की आबादी पर पड़ रहा है। उपकेंद्रों पर मौजूद प्राईवेट कर्मचारियों व एसएसओ सिर्फ फीडरों का संचालन करने तक ही सीमित है। फाल्ट दुरुस्त करने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। कर्मियों की हड़ताल को देखते हुए सभी उपकेंद्रों पर पुलिस बल तैनात है। पावर कॉर्पोरेशन कर्मियों के प्रदर्शन के दौरान विद्युत उपकेंद्र भिनगा में समिति के जिला संयोजक व एसडीओ विद्युत राजकुमार यादव, अधिशासी अभियंता रमाशंकर मौर्य, उपखंड अधिकारी रुद्र प्रताप, शहादत अली, नानबाबू, सत्यनारायण साहू, गुल मोहम्मद, अजय प्रताप सिंह सहित काफी संख्या में बिजली कर्मचारी व संविदा कर्मी मौजूद रहे।
कहीं जला केबल तो कहीं फुंके ट्रांसफार्मर
जिले में हो रहे फाल्ट दुरुस्त नहीं किए जाने से विगत 24 घंटे में इकौना नगर, भिनगा के कई वार्ड समेत 152 गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई है। कंट्रोल रूम में इसकी शिकायत के लिए उपभोक्ता प्रयासरत है, लेकिन फोन नहीं उठने के कारण उनकी शिकायतें भी दर्ज नहीं हो पा रही है। विद्युत उपकेंद्र भिनगा के मछरिहिवा फीडर का आउट गोइंग केबल सोमवार मध्यरात जल गया था। जिससे फीडर की आपूर्ति ठप हो गई। इससे नगर पालिका परिषद भिनगा के सिविल लाइन, अब्दुल कलाम नगर व कृष्ण नगर सहित हरिहरपुररानी क्षेत्र के करीब 32 गांवों की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है।
उधर 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र भिनगा से इकौना, सीताद्वार व कटरा के 33 केवीए उपकेंद्र को विद्युत आपूर्ति दी जाती है। यह लाइन सोमवार रात भिनगा इकौना के मध्य खराब हो गई। इसके चलते इन तीनों उपकेंद्रों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई। लाइन मरम्मत न होने के कारण इकौना नगर सहित विकास क्षेत्र के 75 गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से बाधित है। वहीं विद्युत उपकेंद्र उल्लहवा ठप हो जाने से करीब 45 गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई।