तुलसीपुर चौराहे से तुलसीपुर गांव जाने वाली जर्जर सड़क। - संवाद
गिलौला/तुलसीपुर। फर्राटेदार सफर के लिए बनाए गए बौद्ध परिपथ पर भी कुछ स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं। ऐसा तब है, जब इस मार्ग से प्रतिदिन विदेशी पर्यटक गुजरते हैं। उन्हें बौद्ध परिपथ पर अचानक पड़ने वाले गड्ढों के चलते हिचकोले खाने पड़ते हैं। इन दिनों कोहरे के चलते ये गड्ढे और घातक साबित हो सकते हैं, बड़े हादसे का सबब भी बन सकते हैं। बौद्ध परिपथ के साथ ही जिले की कई अन्य प्रमुख ग्रामीण सड़कों की स्थिति भी बदहाल है। प्रस्तुत है पड़ताल करती हुई एक रिपोर्ट....
बौद्ध परिपथ पर गिलौला कस्बे में कई स्थानों पर जानलेवा गड्ढे बन गए हैं। शिव मंदिर के पास बड़ा सा गड्ढा है, जिसके चलते बाइक सवार गिर कर घायल होते रहते हैं। निरीक्षण भवन के पास भी कई गड्ढे बन गए हैं। यही नहीं, खुटेहना मोड़, रोडवेज बस अड्डे के पास भी बौद्ध परिपथ क्षतिग्रस्त है। राहगीर भोंदू, मोनू व राजेश त्रिपाठी आदि ने बताया कि कोहरे के समय गड्ढे जानलेवा साबित हो सकते हैं।
गिलौला विकासखंड क्षेत्र में जमुनहा-बहराइच मुख्य मार्ग स्थित तुलसीपुर चौराहे से तुलसीपुर गांव जाने वाली मुख्य सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बजड़ियां बिखरी पड़ी हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। राहगीर कमलेश सिंह व राहुल दुबे आदि ने बताया कि गड्ढे व बजड़ियों के चलते बाइक सवार गिरकर घायल होते रहते हैं। इसके साथ ही वाहनों की फिटनेस भी खराब हो रही है। कई बार मांग के बाद भी सड़क सही नहीं करवाई जा रही है।
गिलौला विकासखंड क्षेत्र में फोरलेन से भिट्ठी, चिचड़ी को जोड़ने वाला रतनापुर संपर्क मार्ग पूरी तरह खस्ताहाल है। सड़क के नाम पर सिर्फ गिट्टियां दिख रही हैं, जो राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गई हैं। राहगीर अनुपम रावत, आलोक सोनी व श्यामलाल आदि ने बताया कि गिट्टियों के चलते बाइक व साइकिल के ट्यूब पंक्चर हो जाते हैं, जिससे पैदल ही लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।