गिलौला। कस्बे में मंगलवार रात एक पॉलीटेक्निक छात्रा संदिग्ध हालात में झुलस गई। उसे बचाने के प्रयास में पड़ोस में गैस रिफिलिंग कर रहा एक युवक भी आग की चपेट में आ गया। पुलिस ने छात्रा को सीएचसी गिलौला पहुंचाया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया।
खलीलाबाद निवासी रोशनी सिंह लेंगड़ी गूलर स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज की छात्रा हैं। वह गिलौला कस्बे में दीपू टंडन के घर किराए पर रहती हैं। उनके कमरे के बगल में गिलौला निवासी दुर्गेश गैस रीफिलिंग की दुकान चलाता है। मंगलवार रात रोशनी खाना बनाते समय झुलसी थी। उसे बचाने पहुंचे दुर्गेश भी आग की चपेट में आकर घायल हो गए। गिलौला थाना प्रभारी राजेश गुप्ता टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को जांच के दौरान दुर्गेश की दुकान से भारी मात्रा में गोला-पटाखा मिला। पुलिस ने दुकान सील कर संचालक दुर्गेश पर प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी राजेश गुप्ता ने बताया कि दुर्गेश घटना के बाद दुकान बंद कर भाग गया था। छात्रा की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस घटना के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। क्षेत्र में गैस रीफिलिंग और रिसाव से आग लगने की चर्चाएं गर्म हैं।
दुकान से गोला-पटाखा बरामद होने पर दुकान संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आग कैसे लगी और छात्रा कैसे झुलसी इसकी जांच जारी है।
भरत पासवान, सीओ