बेगमपुर में मां दुर्गा की मूर्ति हटने के बाद मौके पर तैनात पुलिस व पीएसी के जवान
- फोटो : SRAWASTI
तुलसीपुर/जमुनहा (श्रावस्ती)। बेगमपुर स्थित काली मंदिर पर कुछ लोगों ने मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित कर दी थी। इसे लेकर दूसरे समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताई। मामले की जानकारी होने पर मल्हीपुर पुलिस मां दुर्गा की मूर्ति को कब्जे में ले लिया और थाने ले गई। यहां दो समुदायों में सरकारी भूमि को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के बेगमपुर में काली मंदिर पहले से ही स्थापित है। उसी के बगल घूर गड्ढे की सरकारी भूमि भी पड़ी हुई है। इस जमीन को लेकर गांव के हुसैन व रमेश के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा है। बनवारी सिंह काली मंदिर पर शुक्रवार रात मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित करने के लिए ले आए थे। रात में ही वहां मूर्ति का पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान वहां बरसात होने लगी। जिससे लोग अपने घर चले गए।
वहीं मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मूर्ति को कब्जे में ले लिया और वहां पर भारी पुलिस व पीएसी बल तैनात कर दिया। वहीं इस संबंध में एसडीएम जमुनहा ने 106 लोगों को शांतिभंग में पाबंद किया है। जबकि पुलिस ने उप निरीक्षक सुरेश कुमार साहनी की रिपोर्ट पर 70 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना की जानकारी के बाद एसपी अरविंद कुमार, एएसपी प्रवीण कुमार यादव, सीओ भिनगा अतुल चौबे ने मौके पर पहुंच कर मामले का जायजा लिया।