श्रावस्ती। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गायब व चोरी हुए मोबाइलों की गुमशुदगी स्थानीय थानों में दर्ज थी। जिसे पुलिस की सर्विलांस टीम ने खोज निकाला। मिले मोबाइलों को शुक्रवार पुलिस कार्यालय में एसपी द्वारा उनके स्वामियों को सौंपा गया। जिसे पाकर लोगों के चेहरे खिल गए।
जिले में विभिन्न स्थानों से विभिन्न कारणों से तमाम मोबाइल गायब हो गई थी। जिसकी सूचना मोबाइल धारकों द्वारा स्थानीय थाने सहित पुलिस कार्यालय को उपलब्ध कराई गई थी। इन गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य द्वारा सर्विलांस टीम को निर्देशित किया गया था।
आदेश के अनुपालन में सर्विलांस टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद 50 मल्टीमीडिया मोबाइल बरामद किए गए। जिनकी कीमत पुलिस के अनुसार करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद मोबाइल फोन को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी द्वारा संबंधित मोबाइल धारकों को बुलाकर प्रदान किया गया। कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान भी रखा गया। पुलिस की इस सफलता पर मोबाइल धारकों द्वारा जिला पुलिस की प्रशंसा भी की गई।