श्रावस्ती। वैश्विक महामारी कोरोना के संकट से दुनिया जूझ रही है। इसका प्रकोप कम करने के लिए आसपास व व्यक्तिगत सफाई पर बल दिया जा रहा है। इसके बावजूद थाना परिसरों में गंदगी बनी हुई है। ऐसे में रविवार को गिलौला थाने का निरीक्षण करने पहुंचे एएसपी ने वहां गंदगी देख गहरी नाराजगी जताई। साथ ही प्रभारी निरीक्षक को तत्काल सफाई कराने व पूरे थाने को सैनिटाइज कराने का निर्देश दिया।
गिलौला थाने का रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर में उन्हें काफी घास व गंदगी देखने को मिली। इतना ही नहीं थाने के मेस में बर्तन, फर्श आदि में भी गंदगी देखने को मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए एएसपी ने मौके पर मौजूद प्रभारी निरीक्षक केके यादव को इस पर ध्यान देने का निर्देश दिया।
एएसपी ने कहा कि हमारी पुलिस जिन क्षेत्रों व लोगों के बीच रहती है, वहां कोरोना वायरस की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसके बाद वापस आकर हमारे जवान थानों में रुकने के साथ ही मेस का भोजन भी करते हैं। ऐसी गंदगी से कोरोना के संक्रमण की आशंका को बल मिलता है। यह उचित नहीं है। ऐसे में तत्काल थाना परिसर, मेस, बैरक, हवालात, थाना कार्यालय, आवासीय परिसर सहित आवासों को सैनिटाइज कराएं। साथ ही इनकी सफाई कराई जाए। दोबारा यदि ऐसा मिला तो कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद एएसपी ने क्वारंटीन स्थल प्राथमिक विद्यालय बसभरिया पुरैना का निरीक्षण किया। जहां 9 अप्रैल से 12 लोग रखे गए हैं जिनकी सुरक्षा में दो होमगार्ड लगे हैं। उन्होंने सभी से मिलकर उनका हाल जाना गया। साथ ही सभी लोगों को सामाजिक दूरी बनाए रखने, मास्क तथा ग्लब्स पहनने के निर्देश भी दिए। साथ ही उक्त निर्देशों का पालन करने के लिए खाना बनाने वाली महिलाओं को भी कहा गया।